घर आने से एक दिन पहले तिरंगे में लौटे जवान पवन यादव: नम आंखों से गांव ने दी विदाई

Pawan Yadav Army Soldier: घर आने के लिए छुट्टी मंजूर हो चुकी थी और पूरा परिवार बेसब्री से बेटे की राह देख रहा था, लेकिन…

Pawan Yadav Army Soldier: घर आने के लिए छुट्टी मंजूर हो चुकी थी और पूरा परिवार बेसब्री से बेटे की राह देख रहा था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मध्य प्रदेश के (Pawan Yadav Army Soldier) देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र स्थित ग्राम पोलाय जागीर के निवासी सेना के जवान पवन यादव का 17 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने से निधन हो गया।

परिजनों के अनुसार, पवन की छुट्टी स्वीकृत हो चुकी थी और वे करीब एक दिन बाद ही घर पहुंचने वाले थे। हादसे से महज कुछ घंटे पहले सुबह ही उनकी पत्नी शोभा यादव से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों का हालचाल जाना और बच्चों के बारे में पूछा था। परिवार को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह बातचीत उनकी आखिरी याद बनकर रह जाएगी।

गांव में उमड़ा जनसैलाब, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार गुरुवार शाम जैसे ही जवान पवन यादव की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंची, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में घरों के बाहर रंगोलियां सजाई गईं, तिरंगे फहराए गए और पूरा इलाका ‘पवन यादव अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा।

देर शाम पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम यात्रा शुरू की गई। घर पर अंतिम दर्शन के पश्चात पुलिस के जवानों ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे सेना के वाहन से पार्थिव शरीर को घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर खेत में बनाए गए अंत्येष्टि स्थल तक ले जाया गया, जहां पूरे राजकीय व सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

पत्नी ने दिखाया अदम्य साहस, बोलीं— ‘मेरे पति शेर थे’
अंत्येष्टि स्थल पर बड़े बेटे और अन्य परिजनों ने पवन यादव को मुखाग्नि दी,
जबकि छोटा बेटा भी परिवार के साथ मौजूद रहा। दुख की इस घड़ी में पत्नी शोभा यादव ने अदम्य साहस का परिचय दिया। पति के पार्थिव शरीर के पास खड़ी शोभा ने कहा कि उनके पति शेर थे, इसलिए वे आंसू नहीं बहाएंगी बल्कि पूरे गौरव और सम्मान के साथ उन्हें विदा करेंगी तथा उनसे किए गए सभी वादों को पूरा करेंगी।

पवन यादव ने देश की सेवा में 14 साल और 5 महीने समर्पित किए। उनके परिवार में पिता चतर सिंह यादव, माता, बड़े भाई पंकज, बहन, पत्नी शोभा और दो बेटे (उम्र 11 वर्ष और 7 वर्ष) हैं। सैन्य सेवा के अलावा उन्हें क्रिकेट का भी गहरा शौक था। वे आसपास के गांवों और शहरों में होने वाले टूर्नामेंट में बतौर ऑलराउंडर खेलते थे और कई प्रतियोगिताओं में अपनी टीम की कप्तानी भी कर चुके थे।

अंतिम संस्कार से पहले हंगामा, राजनीतिक बयानबाजी भी हुई तेज
हालांकि, अंतिम संस्कार से पूर्व मौके पर माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि पवन यादव को शहीद का दर्जा दिया जाए और शोकाकुल परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इस मुद्दे पर वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद शुक्रवार दोपहर विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने अपने देवास स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। उन्होंने अंतिम संस्कार के दौरान हुए विवाद और हंगामे के लिए पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा और उनके समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया।