तापी नदी में मिले नवविवाहित दंपति के शव, मामले ने खड़े किए कई गंभीर सवाल

Maharashtra Dhule News: महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर तालुका स्थित सावलदे में तापी नदी से एक नवविवाहित जोड़े का शव मिलने से पूरे इलाके…

Maharashtra Dhule News: महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर तालुका स्थित सावलदे में तापी नदी से एक नवविवाहित जोड़े का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी (Maharashtra Dhule News) फैल गई है। इस खौफनाक घटना ने सुनने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं, क्योंकि दोनों के पैर लोहे की भारी जंजीर से बंधे हुए थे और उस पर ताला लगा हुआ था। इस हृदयविदारक हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जलगांव के रहने वाले थे मृतक
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त के अनुसार, मृतका और उसके पति की पहचान सपना पाटिल (उम्र 20) और श्याम हरी पाटिल (उम्र 28) के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से जलगांव जिले के अमलनेर तालुका के पाडलसरे गांव के रहने वाले थे और वर्तमान समय में एरंडोल तालुका के उत्राण में रह रहे थे।

बचने का कोई मौका न रहे, इसलिए जंजीर से बांधे थे पैर
घटना का खुलासा तब हुआ जब सावलदे गांव के पास स्थानीय लोगों को तापी नदी में दो शव तैरते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया, तो एक बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई। शुरुआती जांच में पता चला है कि नदी में छलांग लगाने से पहले दोनों ने अपने पैरों में लोहे की जंजीर लपेटकर उसे ताला लगा दिया था, ताकि पानी में उतरने के बाद बचने या बाहर निकलने का कोई रास्ता न बचे।

प्रेम विवाह के बाद उठाया गया कदम, पुलिस कर रही है जांच
सूचना मिलते ही नरडाणा पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और आपदा प्रबंधन की टीम की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों ने कुछ समय पहले ही प्रेम विवाह किया था। हालांकि, उन्होंने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य कारण, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। नरडाणा पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

‘सुसाइड पॉइंट’ बनता जा रहा तापी नदी का पुल, स्थानीय लोगों की उठी मांग
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने सावलदे में तापी नदी के पुल पर लगातार बढ़ रही आत्महत्या की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। यह पुल अब धीरे-धीरे एक ‘सुसाइड पॉइंट’ में तब्दील होता जा रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं; जैसे कि पुल पर ऊंची लोहे की फेंसिंग (जालियां) लगाई जाएं, सीसीटीवी कैमरे फिट किए जाएं और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।