EOU Raid: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग, मुंगेर में पदस्थापित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EOU Raid) नारद कुमार दास के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने गुरुवार सुबह मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर और पटना स्थित उनके कुल पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की। मुजफ्फरपुर में काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 2F में भी सुबह से EOU की टीम जांच कर रही है, जहां मुजफ्फरपुर स्थित घर से 50 लाख रुपये कैश भी बरामद किए गए हैं।
83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का है मामला
EOU के अनुसार, नारद कुमार दास के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब 83 लाख 53 हजार 200 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्राथमिक साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 28/26, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है।
पांच ठिकानों पर एक साथ विशेष तलाशी अभियान
विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वॉरेंट प्राप्त होने के बाद सभी ठिकानों पर यह कार्रवाई शुरू की गई। EOU की टीमें मुजफ्फरपुर के अलावा भागलपुर, मुंगेर और पटना में भी एक साथ तलाशी ले रही हैं। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है, जिसके तहत फ्लैट में मौजूद दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अन्य कागजात की बारीकी से जांच की जा रही है।
बैंक खातों, आभूषणों और दस्तावेजों की पड़ताल जारी
छापेमारी के दौरान बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, आभूषणों और अन्य सामान की भी पड़ताल की जा रही है। सुबह-सुबह EOU की टीम के पहुंचते ही अपार्टमेंट परिसर में हलचल बढ़ गई और आसपास के लोगों में चर्चा का माहौल बन गया। EOU के अनुसार, सभी पांचों ठिकानों पर तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति और दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा आधिकारिक तौर पर सामने आएगा।
