अमरावती में समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 7 की मौत, 19 घायल

Samruddhi Expressway Accident: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। धामणगांव रेलवे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने…

Samruddhi Expressway Accident: महाराष्ट्र के अमरावती जिले में समृद्धि महामार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। धामणगांव रेलवे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने (Samruddhi Expressway Accident) श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

शेगांव से वर्धा जा रहे थे श्रद्धालु
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, टेंपो पिकअप वैन में सवार सभी लोग श्रद्धालु थे, जो शेगांव से दुर्गादेवी लेकर वर्धा की ओर जा रहे थे। समृद्धि महामार्ग पर चैनल नंबर 97 के पास यह हादसा रात करीब 12:45 बजे हुआ। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री वाहन के अंदर ही फंस गए।

राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरा मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही धामणगांव रेलवे पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

घायलों की स्थिति और अस्पताल प्रशासन
हादसे में घायल हुए 19 लोगों को सबसे पहले धामणगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायलों को आगे के इलाज के लिए वर्धा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम ने जानकारी दी कि घायलों में से 3 से 4 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि 14 से 15 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।

प्रशासनिक अमला अस्पताल पहुँचा
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरावती ग्रामीण एसपी निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे ने अस्पताल का दौरा किया और घायलों का हाल-चाल जाना। फिलहाल, धामणगांव रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मृतकों और घायलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने में जुटी है।