Ganesh Visarjan Accident: मध्य प्रदेश के नैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे (Ganesh Visarjan Accident) लोगों पर करंट की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। इस भयानक हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मंडला जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
यह दुर्घटना शुक्रवार, 25 सितंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार को गणेश विसर्जन का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। विसर्जन के बाद लौटने पर कुछ लोग आराम करने के लिए पंडाल में ही बनाए गए मंच पर सो गए थे, तभी यह अप्रत्याशित और दुखद घटना घटित हुई।
मृतकों की पहचान बिरेन्द्र भांगर (55 वर्ष), कृष्ण कुमार भांबरे (19 वर्ष), रवि (24 वर्ष) और जैनू भांबरे (39 वर्ष) के रूप में हुई है। इस आकस्मिक मौत से पूरे हीरापुर गांव और मृतक परिवारों में मातम पसर गया है।
नैनपुर थाना प्रभारी मंसाराम वगेन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। बारिश के कारण पंडाल और आसपास के परिसर में अत्यधिक नमी बनी हुई थी। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से एम्पलीफायर का कनेक्शन वायर टूटकर सो रहे युवकों के ऊपर आ गिरा। नमी और गीलेपन के कारण करंट तेजी से फैला और ये लोग उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद पंडाल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
