Maharashtra FDA action: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा (Food Safety) को सुनिश्चित करने के लिए FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) ने सख्त कार्रवाई की है। 19 और 20 अगस्त को चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने दूध, डेयरी उत्पादों, प्रतिबंधित (Maharashtra FDA action) गुटखा और पान मसाला समेत कई खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान छत्रपति संभाजीनगर की एक होटल के किचन में सड़ा हुआ पनीर, काला पड़ चुका तेल और खुला हुआ खाना जैसी कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके अलावा, मुंबई में McDonald’s के आउटलेट समेत सात संस्थानों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि गुटखा और पान मसाला नियमों के उल्लंघन के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
छत्रपति संभाजीनगर की होटल में गंभीर लापरवाही
‘सुरक्षित भोजन, सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत FDA की टीम ने छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक स्थित ‘गायत्री मेवाड प्राइवेट लिमिटेड’ होटल में अचानक छापा मारा। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई की धज्जियां उड़ती हुई पाई गईं।
सड़ा हुआ पनीर: टीम को सब्जी बनाने के लिए रखा गया पनीर पूरी तरह खराब मिला, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी और उसकी एक्सपायरी डेट की कोई जानकारी नहीं थी।
टॉयलेट के पास कट रही थीं सब्जियां: होटल के अंदर मुख्य टॉयलेट के दरवाजे के पास गंदगी और मकड़ी के जालों के बीच सब्जियां काटी जा रही थीं।
खतरनाक स्थिति में उबले नूडल्स: बर्तन धोने के एरिया के पास उबले हुए नूडल्स खुले में रखे गए थे, जिससे गंदे नाले के पानी के छींटे पड़ने का खतरा था।
काला तेल और खुला भोजन: खाना पकाने वाली कढ़ाई का तेल बार-बार इस्तेमाल होने के कारण पूरी तरह काला पड़ चुका था। प्याज जैसी कच्ची सामग्री को सीधे जमीन पर दीवार से सटाकर रखा गया था।
पहले भी मिल चुकी थी चेतावनी
FDA के अनुसार, यह होटल पहले भी नियमों का उल्लंघन करती पाई गई थी। दिसंबर 2025 में जांच के बाद इसे सुधार के लिए नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद कोई सुधार न होने पर अप्रैल 2026 में 50,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। बार-बार नियमों की अनदेखी और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ को देखते हुए FDA के सहायक आयुक्त डी.वी. पाटिल ने ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट’ की धारा 32(3) के तहत होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मुंबई में 7 होटलों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के तहत मुंबई में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की गई। कोलाबा स्थित McDonald’s, बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब, मलाड स्थित नोवारा, नरीमान पॉइंट स्थित स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना सहित कुल सात संस्थानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
गुटखा मामले में 6 लोगों की गिरफ्तारी
अभियान के दौरान प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। मुंबई में तीन दुकानें सील की गईं और इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 1.95 लाख रुपये की प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई।
