दर्दनाक हादसा: AC में धमाके से होटल में भड़की आग, दम घुटने से 9 बांग्लादेशियों ने गंवाई जान

Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की व्यस्त मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में तड़के करीब 2 बजे अचानक भीषण आग…

Kolkata Hotel Fire: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की व्यस्त मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में तड़के करीब 2 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। न्यू मार्केट के पास स्थित इस होटल में आग लगने से हड़कंप मच गया और कई लोग अंदर ही फंस गए। दमकल (Kolkata Hotel Fire) विभाग के मुताबिक, इस भयानक अग्निकांड में एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट या धमाके की वजह से लगी थी।

मृतकों में सभी बांग्लादेशी नागरिक, इलाज के लिए आए थे कोलकाता
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले सभी 9 लोग बांग्लादेश के नागरिक थे, जो अपने मेडिकल इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे और इस होटल में ठहरे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां और आपदा प्रबंधन (डैस्टर मैनेजमेंट) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य के दौरान 9 लोगों को बेहोशी की हालत में होटल से बाहर निकाला गया, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

तारापीठ होटल अग्निकांड की यादें ताजा, कुछ ही दिनों में दूसरी बड़ी दुर्घटना
पश्चिम बंगाल में होटल में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में बीरभूम जिले स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ के एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। उस हादसे का गम अभी पूरी तरह मिटा भी नहीं था कि कोलकाता के इस होटल में एक और बड़ी त्रासदी घटित हो गई। तारापीठ हादसे के बाद पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लेकर सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी थी, और अब कोलकाता की इस घटना के बाद प्रशासन होटलों में फायर सेफ्टी नियमों को लेकर और अधिक सख्त हो गया है।