Kerala Landslide News: केरल में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से भारी तबाही, 3 लोगों की गई जान, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Kerala Landslide News: केरल में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। मध्य केरल के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन ने…

Kerala Landslide News: केरल में लगातार मूसलाधार बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। मध्य केरल के कई हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचा दी है, जिसमें सबसे अधिक असर पहाड़ी जिले इडुक्की में देखने को मिला है। शनिवार तड़के अडूरमाला क्षेत्र में हुए एक भीषण भूस्खलन (Kerala Landslide News) का मलबा सीधे एक मकान पर जा गिरा, जिससे घर पूरी तरह तबाह हो गया। इस हादसे में सुमति नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय लोगों और सुरक्षाबलों की मदद से सुमति के पति रवि और उनके बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें घायल अवस्था में थोडुपुझा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोट्टायम में भी बाढ़ जैसे हालात, एक युवक की मौत
पड़ोसी जिले कोट्टायम में भी भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इरट्टुपेट्टा, कंजीरापल्ली, कूट्टिकल और एरुमेली क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जलभराव देखा जा रहा है और कई रिहायशी इलाके पानी में डूब गए हैं। पूंजार के पय्यानिथोट्टम में हुई भूस्खलन की एक अन्य घटना में जोसेफ नामक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां अभी भी मलबे में दबी हुई हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसके अलावा इडुक्की के वागामोन इलाके में भी भूस्खलन की चपेट में आने से वैकोम के रहने वाले प्रभाकरण नायर की मौत हो गई है।

नदियों का जलस्तर बढ़ने से यातायात प्रभावित और बांधों के गेट खुले
लगातार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। पुल्लाकयार नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि होने से कोक्कायार का निचला पुल पानी में डूब गया है और आसपास के घरों में पानी भर गया है। वंदीपेरियार में छोट्टुपारा नाले का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग-183 पर आ जाने से मार्ग बंद करना पड़ा है। यातायात पूरी तरह से प्रभावित होने के कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पानी के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए छोटे बांधों के गेट खोलने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है।

प्रशासन सतर्क: कई जिलों में IMD का ‘रेड अलर्ट’ जारी
भारत मौसम विभाग (IMD) ने केरल में बारिश का खतरा टला न होने की बात कहते हुए कई जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि एर्नाकुलम, त्रिशूर और पलक्कड़ में ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में बचाव दलों को तैनात कर दिया है और एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।