कार को बचाने के चक्कर में ट्रक बना आग का गोला, चालक की दर्दनाक मौत!

Gumla Road Accident: झारखंड के गुमला जिले में सोमवार रात एक बेहद भयावह सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा की चेतावनियों…

Gumla Road Accident: झारखंड के गुमला जिले में सोमवार रात एक बेहद भयावह सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा की चेतावनियों की गंभीरता को उजागर कर दिया। यहां सामने से आ रही एक कार को बचाने की कोशिश में सरिया लदा ट्रक बेकाबू हो गया और (Gumla Road Accident) सड़क किनारे खड़े 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। इस हादसे में ट्रक के अंदर फंसे चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वह जिंदा जल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक चालक की मौत हो चुकी थी और ट्रक के भीतर से उनके जले हुए अवशेष बरामद किए गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। वह सोमवार रात सरिया लादकर राउरकेला से अलीगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गुमला के कार्तिक उरांव कॉलेज के पास एक कार को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और बिजली के पोल से जा भिड़ा।

इस दुर्घटना में ट्रक की चपेट में आई कार में सवार दो अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।