Fatehpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। चन्दीपुर और सरैला गांव के (Fatehpur Road Accident) बीच तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही एक युवक, एक महिला और 14 वर्षीय किशोरी ने दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक डंपर के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 150 मीटर तक घसीटता ले गया। वारदात के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान असनी गांव निवासी 23 वर्षीय सौरभ मौर्य (पुत्र चंद्रगुप्त मौर्य), शबनम (38, पत्नी शरीफ) और उनकी 14 वर्षीय बेटी इलमा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शबनम अपनी बेटी इलमा के साथ बहुआ में मामा की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए जा रही थीं और सौरभ भी उनके साथ उसी समारोह में जा रहे थे।
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों में कोहराम मच गया। बहन और भतीजी की मौत की खबर सुनते ही दुल्हन बनी शाहीन बेगम समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि शबनम के पति शरीफ अहमद गांव में खेती करते हैं, जबकि सौरभ के पिता चंद्रगुप्त मौर्य सरकारी राशन की दुकान चलाते हैं। पत्नी और इकलौती बेटी का शव देखकर शरीफ बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और गुस्साए लोगों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना प्रभारी और सीओ मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और ग्रामीणों को उचित मुआवजे व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान परिजनों ने मोरंग खदानों से चलने वाले ओवरलोड डंपरों और ट्रकों पर रोक लगाने व कार्रवाई करने की मांग भी उठाई।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक, महिला और किशोरी की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।
