पुणे कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े खूनी तांडव! भाई की हत्या का बदला लेने के लिए जमानत पर छूटे युवक पर धारदार हथियारों से हमला

Pune Court Attack: महाराष्ट्र के पुणे स्थित शिवाजीनगर सेशन कोर्ट के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार हमलावरों ने मंदार मारुति…

Pune Court Attack: महाराष्ट्र के पुणे स्थित शिवाजीनगर सेशन कोर्ट के बाहर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार हमलावरों ने मंदार मारुति किवले (Pune Court Attack) पर जानलेवा हमला कर दिया। यह वारदात दोपहर करीब सवा एक बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदार कोर्ट के गेट नंबर-4 की दिशा में भाग रहा था और कुछ हथियारबंद लोग उसका पीछा कर रहे थे।

हमलावरों ने मंदार को घेरकर उस पर धारदार हथियारों से वार किए, जिससे उसके हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

गोलीबारी की अफवाहों पर पुलिस का स्पष्टीकरण
घटना के बाद शुरुआती तौर पर फायरिंग किए जाने की चर्चा सामने आई थी। हालांकि, पुणे पुलिस के डीसीपी क्राइम ने स्पष्ट किया है कि इलाज कर रहे चिकित्सकों को मंदार के शरीर पर गोली लगने के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मौके से दो हथियार जब्त किए हैं, संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।

पुरानी रंजिश और बदले की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। इस मामले में कात्रज निवासी अक्षय चव्हाण को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, करीब दो साल पहले अक्षय के भाई की हत्या हुई थी और मंदार किवले उस मामले में आरोपी था।

 

जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए 10 से 15 युवकों को सुपारी दी गई थी। ये सभी युवक रातभर अंबेगांव क्षेत्र में ठहरे थे और मौका मिलते ही कोर्ट परिसर के बाहर मंदार पर टूट पड़े।

कानून-व्यवस्था और कोर्ट की सुरक्षा पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि मंदार के विरुद्ध वर्ष 2025 में हत्या का प्रकरण दर्ज हुआ था और वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। व्यस्त अदालत परिसर के बाहर दिनदहाड़े हुई इस हिंसक घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है तथा पूरी साजिश और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की गहन जांच में जुटी है।