‘शराब ने छीने सुहाग, तो महिलाओं ने बहा दी शराब’: झांसी में उग्र महिलाओं ने सड़क पर फोड़ीं बोतलें, मूकदर्शक बनी रही पुलिस

Jhansi Liquor Protest: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और आक्रोश से भरा मामला सामने आया है। गुरसराय थाना क्षेत्र के…

Jhansi Liquor Protest: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और आक्रोश से भरा मामला सामने आया है। गुरसराय थाना क्षेत्र के नारायणपुरा गांव में शराब पीने (Jhansi Liquor Protest) से लगातार हो रही मौतों से गुस्साए ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। इलाके की दर्जनों महिलाएं एकजुट होकर सीधे शराब ठेके पर पहुंच गईं और वहां जमकर हंगामा किया।

महिलाओं का गुस्सा इस कदर सातवें आसमान पर था कि उन्होंने ठेके के अंदर रखी लाखों रुपए की शराब की बोतलें बाहर निकाल लीं। इसके बाद महिलाओं ने एक-एक कर सभी बोतलों को सड़क पर पटक कर फोड़ दिया और पूरी शराब को रास्ते पर बहा कर तहस-नहस कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि इस अवैध और जहरीली शराब के कारण अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे कई परिवार तबाह हो गए हैं।

हैरानी की बात यह रही कि महिलाओं के इस उग्र रूप को देखकर मौके पर मौजूद किसी भी शख्स की उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं हुई। यहां तक कि कानून व्यवस्था संभालने के लिए वहां मौजूद पुलिस बल भी मूकदर्शक बनकर खड़ा रहा और महिलाएं पूरी बेखौफ होकर शराब नष्ट करती रहीं। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।