खेल के मैदान में मासूम की मौत: मुजफ्फरनगर में दौड़ लगाते समय 10 वर्षीय छात्र को आया कार्डियक अरेस्ट, मौत से मची चीख-पुकार

Muzaffarnagar Child Death: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया…

Muzaffarnagar Child Death: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद ही हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक कंपोजिट विद्यालय में आयोजित खेल कार्यक्रम (Muzaffarnagar Child Death) के दौरान दौड़ लगाते समय चौथी कक्षा का 10 वर्षीय छात्र अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। स्कूल प्रशासन तुरंत उसे लेकर अस्पताल भागा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के प्राथमिक परीक्षण के अनुसार, मासूम की मौत की वजह ‘कार्डियक अरेस्ट’ (दिल का दौरा) बताई जा रही है। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

रतनपुरी थाना क्षेत्र के रायपुर नगली गांव की घटना
यह पूरी दर्दनाक घटना रतनपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर नगली गांव की है। सबसे अधिक मर्माहत करने वाली बात यह है कि यह हादसा अहोई व्रत से ठीक एक दिन पहले घटा। जिस घर में कुछ ही समय बाद संतान की लंबी उम्र और मंगल कामना के लिए व्रत की तैयारियां होनी थीं, वहां मातम पसर गया। मृतक छात्र निहाल अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। घर के इस चिराग के अचानक बुझ जाने से माता-पिता और बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मां का रो-रोकर बुरा हाल, सपनों पर फिरा पानी
अहोई अष्टमी के पावन पर्व से ठीक पहले इकलौते बेटे की अर्थी उठ जाने से मां का कलेजा फट गया है। मां के जीवन के सारे सपने और उम्मीदें एक पल में चकनाचूर हो गए। बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया और सांत्वना देने वाले ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। दिल को चीर देने वाली इस स्थिति में मां अपने फोन में मासूम निहाल की तस्वीरें निहार-निहार कर बेसुध होकर रो रही है, जिसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की पुष्टि
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मुजफ्फरनगर के बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) संदीप कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खेलकूद गतिविधि के दौरान छात्र अचानक बेहोश होकर गिर गया था। स्कूल प्रशासन द्वारा उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत का कारण कार्डियक अटैक बताया है। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर कम उम्र में बच्चों को आ रहे दिल के दौरों जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।