Jalandhar Road Accident: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल (Jalandhar Road Accident) होने के बाद घर लौट रहे थे। मृतकों में मशहूर गायक यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलाक और पंजाबी म्यूजिक कंपनी ‘स्पीड रिकॉर्ड्स’ के मालिक दिनेश के बेटे शामिल हैं। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान ‘पैपी स्वीट्स’ के मालिक के बेटे आरव तलवार के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा जालंधर के पुलिस लाइन्स इलाके के पास स्थित एक फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों युवक वोक्सवैगन कार में सवार होकर घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की जान चली गई।
सफाई के लिए फ्लाईओवर पर खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
बारादरी पुलिस स्टेशन के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को रविवार तड़के करीब 3 बजे सड़क हादसे की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। कचरा इकट्ठा करने के लिए उन्होंने अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी की हुई थी।
इसी दौरान BMC चौक से BSF चौक की तरफ जा रही तेज रफ्तार वोक्सवैगन कार अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार थे पांच युवक, तीन सुरक्षित
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें विदित ओलाक और आरव तलवार की मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद अन्य तीन युवक सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद तीनों अपने-अपने घर लौट चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की।
परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मृतकों के परिजनों ने इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दोनों युवकों के शव उनके परिवारों को सौंप दिए।
हनी सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए जताया दुख
इस हादसे में अपने भतीजे विदित ओलाक को खोने के बाद गायक यो यो हनी सिंह ने भी सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। घटना की खबर सामने आने के बाद संगीत जगत और दोनों परिवारों के करीबियों में शोक का माहौल है।
