Bagaha Accident: बिहार के बगहा स्थित रामनगर के खटौरी गांव के पास दोन कैनाल के नजदीक नवरात्रि के पहले दिन एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। कलश (Bagaha Accident) स्थापना के लिए जलभरी करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली 11 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। इस अचानक हुई दुर्घटना से नवरात्रि की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
कैसे हुआ यह हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के ग्रामीण नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में कलश स्थापना के लिए शोभायात्रा निकालकर दोन कैनाल पर जलभरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली पर सवार एक बच्चा हाथ में झंडा लेकर खड़ा हुआ था। वाहन के आगे बढ़ने के दौरान वह झंडा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया।
अस्पताल में इलाज जारी, मचा कोहराम
करंट की चपेट में आने से ट्रॉली पर सवार कई बच्चे बुरी तरह झुलस गए। इस अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। इस दुर्घटना में दो मासूम बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर उठाए सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि दो गांवों को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार काफी नीचे लटक रहा था। उनका कहना है कि अगर तार की ऊंचाई पर्याप्त होती, तो यह हादसा टल सकता था।
रामनागर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नवरात्रि के पहले दिन हुई इस मनहूस घटना के बाद से ससराव गांव और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
