Chandrapur Diesel Tanker Accident: चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास पर सोमवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात करीब 11 बजे कामगार चौक के पास (Chandrapur Diesel Tanker Accident) डीजल से भरा एक कैप्सूल टैंकर (क्रमांक GJ12 CT 4999) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से भारी मात्रा में ज्वलनशील डीजल सड़क पर बहने लगा, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और गंभीर स्थिति पैदा हो गई।
भीड़ जुटने से बढ़ा खतरे का साया
टैंकर पलटने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग सड़क पर बह रहे कीमती डीजल को इकट्ठा करने के लिए टैंकर के बिल्कुल करीब पहुंच गए। ज्वलनशील ईंधन के बीच लोगों की यह लापरवाही किसी बड़े खतरे या भीषण आगजनी को न्योता दे रही थी, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई थी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टली अनहोनी
घटना की जानकारी मिलते ही चंद्रपुर शहर और रामनगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। रामनगर थाना की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके और चंद्रपुर शहर थाना के पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे ने अपने पुलिस दल के साथ मोर्चा संभाला। पुलिस ने सबसे पहले लोगों की भीड़ को वहां से खदेड़ा और घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित किया। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया।
यातायात हुआ बाधित, पुरानी घटना की आई याद
हादसे के कारण चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों के जेहन में कुछ साल पहले चंद्रपुर में हुई वह दर्दनाक घटना ताजा हो गई, जिसमें एक ट्रक और डीजल टैंकर की टक्कर के बाद लगी भीषण आग में 9 लोगों की जान चली गई थी। गनीमत यह रही कि इस बार पुलिस की मुस्तैदी से कोई अनहोनी नहीं हुई।
