आदिलाबाद RIMS अस्पताल में बड़ा हादसा: SNCU वार्ड में आग लगने से 3 नवजातों की दर्दनाक मौत, मचा हड़कंप

RIMS Adilabad Fire: तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में लगी आग की दुर्घटना…

RIMS Adilabad Fire: तेलंगाना के आदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में लगी आग की दुर्घटना (RIMS Adilabad Fire) में मरने वाले मासूम बच्चों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मरने वालों में एक 5 दिन का नवजात बच्चा भी शामिल है। मंगलवार तड़के हुए इस भयानक हादसे के बाद गंभीर हालत में कई बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया गया था, जहाँ इलाज के दौरान एक और बच्चे की जान चली गई।

एसी में खराबी और धुएं से मची अफरा-तफरी
यह दुखद हादसा सोमवार देर रात करीब 11:40 बजे हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, SNCU वार्ड में लगे एसी (AC) यूनिट में तकनीकी खराबी आने के बाद अचानक आग लग गई, जिससे पूरा वार्ड घने धुएं से भर गया। घटना के समय वार्ड में कुल 24 नवजात शिशु मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और 20 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुपर स्पेशियलिटी तथा आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया।

जिला प्रशासन की कार्रवाई और जांच के आदेश
आदिलाबाद के जिला कलेक्टर राजर्षि शाह और पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी की। कलेक्टर ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आग लगने के असली कारणों और किसी भी संभावित लापरवाही की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किए गए अन्य सभी बच्चों की सुरक्षा और बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है, जबकि इस दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवारों में गहरा शोक और मातम का माहौल है।