Air India Job Scam: दिल्ली पुलिस ने एयर इंडिया में ग्राउंड ड्यूटी की नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस पूरे मामले की शुरुआत छत्तीसगढ़ के एक युवक की शिकायत से हुई थी, जिसने (Air India Job Scam) राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। ठगों ने खुद को एयर इंडिया का एचआर प्रतिनिधि बताकर युवक को नौकरी का ऑफर दिया था और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर यूपीआई के जरिए 14,500 रुपये ट्रांसफर करवा लिए थे। पैसे भेजने के बाद युवक को अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ था।
पैसों की ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए पैसों के लेन-देन (ट्रेल) की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पीड़ित द्वारा भेजी गई रकम एक बैंक खाते में जमा हुई थी, जिसे पूर्वी दिल्ली के एक एटीएम से निकाला गया था। इसके बाद 20 अगस्त को पूर्वी जिला साइबर थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर बैंक खाते के मालिक तक पहुंची और वजीराबाद, दिल्ली के रहने वाले 30 वर्षीय मोहम्मद ज़ायद को लक्ष्मी नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दो महिलाओं की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें भी धर दबोचा।
लक्ष्मी नगर से संचालित हो रहा था फर्जी खेल
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। यहीं से अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके नौकरी की तलाश कर रहे भोले-भाले युवाओं को फोन किए जाते थे। आरोपी खुद को एयर इंडिया का एचआर अधिकारी बताकर युवाओं को ग्राउंड ड्यूटी में पक्की नौकरी का झांसा देते थे और रजिस्ट्रेशन फीस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन चार्ज के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराते थे। खाते में पैसे आते ही आरोपी उसे तुरंत आसपास के एटीएम से निकाल लेते थे और आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से यह गोरखधंधा चला रहे थे और साइबर पोर्टल पर इनके खिलाफ अन्य शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं।
