Delhi Draft Voter List: केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में इस समय वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण अभियान जोर-शोर से चल रहा है। निर्वाचन आयोग की ओर से अगले हफ्ते यानी 24 अगस्त को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट (Draft Voter List) जारी की जानी है। इस प्रक्रिया के दौरान संभावना है (Delhi Draft Voter List) कि कुछ नाम सूची से कट सकते हैं या किसी वैध मतदाता का नाम तकनीकी खामी के कारण सूची में नदारद मिल सकता है। ऐसे में मतदाताओं के मन में यह चिंता होना स्वाभाविक है कि यदि उनका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं मिला, तो उनके पास आगे क्या विकल्प बचते हैं।
नाम न होने पर मिलेगा नाम जुड़वाने का एक और मौका
यदि किसी मतदाता का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में प्रकाशित नहीं होता है, तो घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। चुनाव आयोग ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद नाम जुड़वाने का एक विशेष अवसर प्रदान करता है, जिसे ‘एसआईआर का दावा और आपत्ति चरण’ कहा जाता है। चुनाव आयोग ‘भूल-चूक लेनी-देनी’ की तर्ज पर ऐसे मतदाताओं को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर खुद नोटिस भेजता है, जिनका गणना पत्र तो जमा हुआ है लेकिन पिछला रिकॉर्ड मैच नहीं हो पा रहा है।
पहचान और सत्यापन के लिए देने होंगे ये दस्तावेज
यदि आपका रिकॉर्ड मैच नहीं होता है और आपको नोटिस मिलता है, तो आप चुनाव आयोग द्वारा तय किए गए 12 दस्तावेजों में से कोई भी दो दस्तावेज पेश कर सकते हैं। ये ऐसे दस्तावेज होने चाहिए जिनसे आपकी जन्मतिथि, निजी पहचान और निवास स्थान की पुख्ता पुष्टि होती हो। पहचान और आयु प्रमाण के रूप में आप पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या 10वीं की मार्कशीट का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा निवास प्रमाण के रूप में बिजली का बिल, पानी का बिल, बैंक पासबुक या राशन कार्ड में से कोई एक दस्तावेज देना होगा।
घर बैठे ऑनलाइन या बीएलओ के जरिए ऐसे करें आवेदन
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बेहद आसान है। आप घर बैठे आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in या मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन फॉर्म 6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। यदि आप ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं अपनाना चाहते, तो अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करके ऑफलाइन फॉर्म 6 प्राप्त कर सकते हैं और उसे उचित दस्तावेजों के साथ जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, चुनाव आयोग द्वारा अक्सर शनिवार और रविवार को मतदान केंद्रों पर विशेष पंजीकरण शिविर लगाए जाते हैं, जहाँ जाकर भी आवेदन किया जा सकता है।
