BJP New National Team 2026: आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने सोमवार को राष्ट्रीय (BJP New National Team 2026) अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के साथ-साथ अनुभवी नेताओं और युवा चेहरों के संतुलन पर विशेष जोर दिया गया है। इस नई टीम के गठन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भी पूरा मार्गदर्शन रहा है।
स्मृति ईरानी और वसुंधरा राजे की अहम वापसी
इस फेरबदल के तहत कई बड़े और दिग्गज नेताओं को पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पार्टी के मुख्य संगठनात्मक ढांचे में वापसी हुई है और उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इसके अलावा, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महिलाओं और विभिन्न समुदायों को विशेष प्रतिनिधित्व
पार्टी की इस नई सूची में समावेशिता और महिला सशक्तिकरण पर भी पूरा ध्यान दिया गया है। कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से 6 पदों पर महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो संगठन में उनकी मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। इसके साथ ही, नई टीम में चार महिला सचिव, एक महिला महासचिव और मुस्लिम समुदाय से भी दो नेताओं को शामिल किया गया है, जिससे सभी वर्गों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने का प्रयास किया गया है।
प्रमुख संगठनात्मक पद और पदाधिकारी
नितिन नवीन की नई टीम में संगठन से जुड़े कुछ प्रमुख पदों पर निम्नलिखित नेताओं को नियुक्त किया गया है:
राष्ट्रीय महासचिव (संगठन): बी.एल. संतोष (दिल्ली)
राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन): शिवप्रकाश (मुंबई) और सौदान सिंह (चंडीगढ़)
प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव: विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष: पीयूष गोयल (महाराष्ट्र)
राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष: राजेश मंगल (राजस्थान)
सोशल मीडिया के जरिए दी गई शुभकामनाएं और भविष्य का संकल्प
निसिंत नवीन ने टीम की घोषणा के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि अनुभव और ऊर्जा से भरपूर यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊंचाइयां और गति प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्य कार्यकर्ता भाव से कार्य करते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को मजबूत करेंगे।
