Gurugram Honeytrap Case: हरियाणा के गुरुग्राम में बिजनेसमैन को अपने प्रेम जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने और झूठे मामलों में फंसाकर शादियां रचाने वाली वर्षा नाम की महिला का काला चिट्ठा अब परत-दर-परत सामने आ रहा है। धोखाधड़ी और संपत्ति पर कब्जा करने (Gurugram Honeytrap Case) के गंभीर आरोपों में सेक्टर-65 थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार की जा चुकी वर्षा पर उसके पतियों ने एक के बाद एक कई बड़े खुलासे किए हैं, जबकि पुलिस जांच में उसके और उसके परिवार के खिलाफ पहले से ही लगभग 13 आपराधिक मामले दर्ज होने का खुलासा हुआ है।
लैब ओनर को झूठे केस में फंसाकर 62 दिन भिजवाया जेल
लैब के ओनर सचिन सिंह राजपूत ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्षा उनकी गुरुग्राम स्थित लैब में रिसेप्शनिस्ट के रूप में नौकरी करती थी। लैब के लेन-देन में गड़बड़ी और संदिग्ध गतिविधियों के कारण जब सचिन ने उसे नौकरी से निकाल दिया, तो उसने बदला लेने की ठान ली। वर्षा ने सचिन के भतीजे को अपने जाल में फंसाया, होटल में सचिन की आईडी का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन पर किडनैपिंग तथा दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करवा दिया, जिसके चलते सचिन को 62 दिन सलाखों के पीछे काटने पड़े।
समझौते और एफआईआर रद्द करने के बदले मांगी 15 लाख की लैब
जेल से बाहर आने और एफआईआर रद्द करवाने के नाम पर वर्षा ने सचिन के सामने एक बड़ी शर्त रखी कि वह अपनी हर महीने 15 लाख रुपये की कमाई वाली लैब की ओनरशिप उसके नाम कर दे। सामाजिक बदनामी और भारी दबाव के कारण सचिन को आखिरकार उससे शादी करनी पड़ी, हालांकि बाद की पुलिस जांच में सचिन पूरी तरह निर्दोष साबित हुए और वर्षा की शिकायत खारिज कर दी गई।
तीसरे पति संदीप का गंभीर आरोप – चाय में नशीला पदार्थ देकर रचाई शादी
भिवानी के रहने वाले और गुरुग्राम के रियल एस्टेट कारोबारी संदीप कुमार ने बताया कि वर्षा साल 2023 में उनकी कंपनी में रिसेप्शनिस्ट बनकर आई थी। संदीप का आरोप है कि वर्षा उन्हें चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर देती थी और बाद में शादी करने का दबाव बनाने लगी। जून 2023 में दोनों की शादी तो हो गई, लेकिन वर्षा ने अपनी पिछली दो शादियों (अंकित चौधरी और सचिन) की बात उनसे पूरी तरह छिपा कर रखी थी।
दफ्तर पर कब्जा, फ्लैट के नाम पर वसूली और पुलिस कार्रवाई
वर्षा ने संदीप पर 2 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने का दबाव बनाया और उनसे 21 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, 12 जून को वह अपने परिजनों के साथ संदीप के ऑफिस में जबरन घुस गई, वहां अपना ताला लगा दिया और सीसीटीवी का पूरा एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया, जिसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर से की गई। सेक्टर-65 थाना एसएचओ रामवीर के अनुसार, पुलिस जांच में वर्षा द्वारा लगाए गए आरोप झूठे पाए जाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, और कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
