कागजी नोटों से ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होंगे नए ‘पॉलिमर बैंक नोट’, 100-100 करोड़ नोटों के ट्रायल की तैयारी में RBI

RBI Polymer Notes: पिछले काफी समय से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा प्लास्टिक करेंसी लाने की चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब आधिकारिक मुहर…

RBI Polymer Notes: पिछले काफी समय से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा प्लास्टिक करेंसी लाने की चर्चाएं चल रही थीं, जिन पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। हाल ही में लोकसभा (RBI Polymer Notes) में सांसदों रामप्रीत मंडल और कृष्णा देवी शिवशंकर पटेल ने वित्त मंत्रालय से प्लास्टिक नोटों को लेकर सवाल किए थे। उन्होंने यह भी जानना चाहा था कि क्या सरकार कागजी नोटों को पूरी तरह से प्लास्टिक से बदल देगी और इससे डिजिटल पेमेंट पर क्या प्रभाव पड़ेगा?

सरकार और RBI का आधिकारिक फैसला
इन सवालों का लिखित जवाब देते हुए वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया कि RBI के केंद्रीय निदेशक मंडल की सिफारिश पर, रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 25 के तहत सरकार ने 10 और 20 रुपये के एक-एक अरब (100-100 करोड़) पॉलिमर बैंक नोटों के फील्ड ट्रायल को मंजूरी दे दी है। इस ट्रायल के सफल रहने के बाद नियमित रूप से पॉलिमर नोट जारी करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे सरकार की हरी झंडी मिल गई है।

पॉलिमर नोटों के खास फायदे
वित्त मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए अध्ययनों से यह बात सामने आई है कि पॉलिमर बैंक नोटों की उम्र पारंपरिक कागजी नोटों के मुकाबले काफी लंबी होती है। ये नोट अधिक मजबूत और टिकाऊ होते हैं। हालांकि, चूंकि ये नोट अभी शुरुआती चरण में हैं, इसलिए डिजिटल भुगतान पर इनके असर का सटीक आकलन इनके नियमित रूप से बाजार में आने के बाद ही लगाया जा सकेगा। इसके अलावा, सरकार का मानना है कि नकद मुद्रा और डिजिटल भुगतान व्यवस्था दोनों एक-दूसरे की पूरक प्रणालियां हैं।

क्या बंद हो जाएंगे पुराने कागजी नोट?
आम जनता के मन में यह सवाल सबसे बड़ा था कि क्या कागजी नोटों का चलन पूरी तरह बंद हो जाएगा? इस पर सरकार ने साफ कर दिया है कि फिलहाल कागजी मुद्रा को पूरी तरह पॉलिमर नोटों से रिप्लेस करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। नए पॉलिमर बैंक नोट, मौजूदा कागजी नोटों के साथ-साथ चलन में रहेंगे। इसलिए, नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि पारंपरिक कागजी नोट पहले की तरह ही वैध बने रहेंगे।