India vs Zimbabwe: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का पहला मुकाबला हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हरा दिया। जीत के लिए मिले 126 रनों के लक्ष्य को (India vs Zimbabwe) भारत ने महज 13.2 ओवरों में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास: 18 गेंदों में जड़ा सबसे युवा अर्धशतक
भारतीय पारी के सबसे बड़े हीरो 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने महज 18 गेंदों में तूफानी अर्धशतक ठोककर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रच दिया। वैभव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा महज 15 साल और 118 दिन की उम्र में किया। वैभव ने 19 गेंदों में 50 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। भारत के शुरुआती 52 रनों में से अकेले 48 रन वैभव के बल्ले से ही निकले थे।
मध्यक्रम का योगदान और कप्तान श्रेयस की विजयी पारी
वैभव के आउट होने के बाद ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और 35 रनों की उपयोगी पारी खेली। टीम जीत के बिल्कुल करीब थी जब ईशान का विकेट ब्लेसिंग मुजरबानी ने लिया। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर (28 रन नाबाद) और उपकप्तान तिलक वर्मा (6 रन नाबाद) ने मिलकर टीम को 13.2 ओवर में ही जीत के पार पहुंचा दिया।
जिम्बाब्वे की पारी: मयंक और प्रिंस की घातक गेंदबाजी
इससे पहले, भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 125 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे के लिए वेस्ली मधेवेरे ने सर्वाधिक 39 और तादिवानाशे मारुमानी ने 27 रनों का योगदान दिया।
भारत की ओर से चोट के बाद वापसी कर रहे मयंक यादव और प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए। वहीं रवि बिश्नोई और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। इस मैच से डेब्यू करने वाले अशोक शर्मा थोड़े महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 29 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
लगातार हार के सिलसिले पर लगा ब्रेक
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर लगातार 7 टी20 मुकाबलों में से 6 हारने (1 रद्द) के बाद, टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद भारतीय टीम की यह पहली टी20 जीत है। इस जीत से न सिर्फ टीम इंडिया का आत्मविश्वास वापस लौटा है, बल्कि नए कप्तान श्रेयस अय्यर को बतौर कप्तान अपनी पहली जीत भी हासिल हुई है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा, मयंक यादव।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बैनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), बेन करन, डियॉन मायर्स, रायन बर्ल, वेस्ली माधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड एनगरावा, ब्लेसिंग मुजराबानी।
