17 राज्यों के 3.5 करोड़ निवेशकों को लूट कर विदेश भागा मास्टरमाइंड समीर अग्रवाल

Sameer Agarwal Investment Scam: मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव से मामूली टूर पैकेज और चिटफंड कारोबार की शुरुआत करने वाला समीर अग्रवाल आज…

Sameer Agarwal Investment Scam: मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव से मामूली टूर पैकेज और चिटफंड कारोबार की शुरुआत करने वाला समीर अग्रवाल आज हजारों करोड़ रुपये के कथित निवेश घोटाले का मास्टरमाइंड बन चुका है। इस शातिर शख्स ने देश के 17 राज्यों में (Sameer Agarwal Investment Scam) फर्जी कंपनियों और सोसायटियों का ऐसा जाल फैलाया, जिसके जरिए उसने 3.5 करोड़ से अधिक बेबस निवेशकों के 1 खरब 5 अरब रुपये से ज्यादा हड़प लिए। जब निवेशकों की गाढ़ी कमाई लौटाने का समय आया, तो वह अपनी कंपनियों के शटर गिराकर विदेश फरार हो गया और अब भारतीय जांच एजेंसियां उसके पूरे साम्राज्य की परतें उधेड़ रही हैं।

इस विशाल घोटाले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की जांच अब जबलपुर सीआईडी को सौंप दी गई है। सीआईडी वर्तमान में अशोक नगर, टीकमगढ़, दमोह और विदिशा से जुड़े 11 मामलों की गहन जांच कर रही है, जिसमें शुरुआती तौर पर करीब 1600 निवेशकों से 42 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। इसके अलावा भोपाल, शहडोल और सिंगरौली में भी लॉरिटनेस जनहित क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी (LJCC) सहित करीब एक दर्जन फर्जी कंपनियों के जरिए एफडी और पैसा डबल करने का लालच देकर लोगों को ठगा गया है।

अकेले मध्य प्रदेश में ही लगभग 2 लाख 10 हजार से ज्यादा निवेशकों के 492 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक डूबने की बात सामने आई है, जबकि यह पूरा जाल देश के 17 राज्यों—जैसे दिल्ली, उत्तराखंड, असम, बिहार, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र और पंजाब तक फैला हुआ था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि स्थानीय लोगों को मैनेजर बनाकर उनके नाम से बैंक खाते खोले जाते थे और ठगी की इस रकम को ठिकाने लगाने के लिए हवाला चैनलों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता था।